November 4, 2026

खंडवा: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में मां दुर्गा की प्रतिमा लेकर आ रहे श्रद्धालुओं के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। खंडवा-बुरहानपुर हाईवे पर मोकलगांव के पास प्रतिमा ले जा रहा वाहन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। हादसे में चार युवक गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि मां दुर्गा की प्रतिमा को भी नुकसान पहुंचा है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

बुरहानपुर से टपालचाल लाई जा रही थी मां दुर्गा की प्रतिमा

जानकारी के अनुसार, टपालचाल क्षेत्र के श्रद्धालु और युवक बुरहानपुर से मां दुर्गा की प्रतिमा लेकर खंडवा आ रहे थे। इसी दौरान मोकलगांव के पास वाहन पर रखी प्रतिमा या उसका ढांचा सड़क के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया।

बताया जा रहा है कि बिजली का करंट वाहन तक फैल गया, जिसकी चपेट में आने से चारों युवक झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

जिला अस्पताल पहुंचीं विधायक कंचन तनवे

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक कंचन तनवे जिला अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने डॉक्टरों से घायलों की स्थिति की जानकारी ली और उनके समुचित इलाज के निर्देश दिए। विधायक ने घायलों के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

पुलिस-प्रशासन कर रहा मामले की जांच

हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं। फिलहाल चारों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना ने सड़क से गुजरने वाली हाईटेंशन बिजली लाइनों और ऊंचाई पर रखकर ले जाए जाने वाले बड़े ढांचों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *