बालोद। शेरपार-मानपुर-कोहका सड़क के अधूरे और गुणवत्ताहीन निर्माण तथा सड़क उखड़ने के मामले में लोक निर्माण विभाग (PWD) ने सख्ती दिखाई है। विभाग ने दो ठेकेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 15 दिनों के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए हैं।

निरीक्षण में सामने आई निर्माण कार्यों में खामियां
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के अधिकारियों ने सड़क का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और स्थिति की जांच की थी। इस दौरान सड़क निर्माण, रखरखाव, सड़क सुरक्षा और निर्धारित मानकों के पालन में खामियां पाई गईं। इसके बाद विभाग ने संबंधित दोनों ठेकेदारों को नोटिस जारी किया।
छह उप अभियंताओं को भी कारण बताओ नोटिस
विभाग के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्ग की यह सड़क अभी परफॉर्मेंस गारंटी अवधि में है। निर्माण के बाद सड़क की सतह क्षतिग्रस्त होने और रखरखाव में लापरवाही सामने आने पर राष्ट्रीय राजमार्ग उप संभाग बालोद के सभी छह उप अभियंताओं को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
सभी उप अभियंताओं को तीन दिनों के भीतर अपना प्रतिवाद प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।