November 8, 2026

महासमुंद। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को महासमुंद जिले के बसना विकासखंड के गढ़फुलझर स्थित रामचंडी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मां रनेश्वर रामचंडी की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की। इस दौरान पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं संबलपुर सांसद धर्मेंद्र प्रधान, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और समाज के पदाधिकारी मौजूद रहे।

2024 में किए वादे हो रहे पूरे, गढ़फुलझर में विकास कार्यों को गति

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्ष 2024 में किए गए वादे अब पूरे हो रहे हैं। गढ़फुलझर में 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित सर्वमंगल भवन का लोकार्पण किया गया है। वहीं 48 लाख रुपये की लागत से मानसरोवर तालाब का सौंदर्यीकरण और करीब पौने दो किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य जारी है। सड़क निर्माण पर 3.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन कार्यों से क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि गढ़फुलझर में विकास कार्य धरातल पर दिखाई दे रहे हैं। कोलता समाज को प्रदेश सरकार का लगातार आशीर्वाद और सहयोग मिलता रहा है। मुख्यमंत्री ने समाज को शिक्षित, समृद्ध और सामाजिक मूल्यों के प्रति समर्पित बताते हुए कहा कि वह अन्य समाजों का मार्गदर्शन करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

मुख्यमंत्री ने समाज की मांग पर रामचंडी मंदिर परिसर में 50 लाख रुपये की लागत से भव्य डोम निर्माण कराने की घोषणा की। इसके साथ ही सैनिक स्कूल की स्थापना के लिए प्रस्ताव भेजने और अन्य मांगों का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही।

जनकल्याणकारी योजनाओं और किसानों के हितों पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता से लागू कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत पहले आवास से वंचित 18 लाख गरीब परिवारों को घर उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम किया गया है। वर्तमान में प्रतिदिन करीब 1,600 आवासों का निर्माण हो रहा है। विशेष पिछड़ी जनजातियों के परिवारों को आवास स्वीकृति और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्य भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। किसानों से किए गए वादों को पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने किसानों को बोनस, तेंदूपत्ता संग्राहकों को लाभ और श्रमिकों के लिए संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

सुशासन, पारदर्शिता और डिजिटल सेवाओं पर फोकस

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन और पारदर्शिता के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 का उल्लेख करते हुए कहा कि लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इसका उपयोग कर सकते हैं। शिकायतों के निराकरण के लिए समय-सीमा तय की गई है और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से 36 विभागों की करीब 700 सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से डिजिटल सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की। साथ ही अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न सेवाओं और वित्तीय लेन-देन को सुलभ बनाने की बात कही।

पर्यटन और सिंचाई परियोजनाओं से खुलेंगे विकास के नए रास्ते

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ होम-स्टे जैसी सुविधाओं के विकास पर भी काम कर रही है। इससे स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने सिरपुर बैराज और सिकासेर-कोडार लिंक परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किसानों के लिए लाभकारी होगा और कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।

बसना में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का विस्तार: धर्मेंद्र प्रधान

पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं संबलपुर सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि गढ़फुलझर आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। रामचंडी मंदिर की धार्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र आध्यात्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां गुरुद्वारे का निर्माण और लक्ष्मी-नारायण मंदिर का विकास धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देगा।

उन्होंने कहा कि बसना क्षेत्र में आध्यात्मिक गतिविधियों का विस्तार हो रहा है। नए सामुदायिक भवन का लोकार्पण सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने कोलता समाज को मेहनतकश, कृषि से जुड़ा और राष्ट्र के विकास में योगदान देने वाला समाज बताया।

प्रधान ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। छत्तीसगढ़ के किसान धान उत्पादन और खाद्य सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उनकी मेहनत से प्रदेश की अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा को मजबूती मिल रही है।

सभी वर्गों को साथ लेकर चलता है कोलता समाज: रूपकुमारी चौधरी

महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि चतुर्दशी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। गढ़फुलझर श्रद्धा और आस्था का केंद्र है और इसके विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कोलता समाज को उदार, मिलनसार और सभी समाजों व वर्गों को साथ लेकर चलने वाला समाज बताया। साथ ही सिरपुर के यूनेस्को की विश्व धरोहर की संभावित सूची में शामिल होने पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने रामचंडी मंदिर की सीढ़ियों पर शेड निर्माण के लिए सांसद निधि से राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की।

अंचल के विकास के लिए प्रतिबद्ध: डॉ. संपत अग्रवाल

बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं बंधु मिलन कार्यक्रम सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कोलता समाज को मिलनसार, सेवाभावी और शिक्षित समाज बताते हुए कहा कि समाज के लोग शिक्षा, सेवा और कृषि के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

विधायक ने गढ़फुलझर अंचल में सैनिक स्कूल की स्थापना, ग्राम पंचायत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सुविधा और लोअर जोंक वृहद जलाशय के निर्माण सहित क्षेत्र की विभिन्न मांगों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

कार्यक्रम में बिजेपुर विधायक सनत गढ़तिया, अताबीरा विधायक निहाररंजन महानन्द, बरगढ़ विधायक अश्विनी षढ़ंगी, पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, जिला पंचायत सदस्य मोक्ष प्रधान, गढ़फुलझर सरपंच हरप्रीत कौर, भाजपा जिला अध्यक्ष एतराम साहू, छत्तीसगढ़ कोलता समाज के अध्यक्ष भुवनेश्वर सदावर्ती, रायगढ़ अध्यक्ष रत्थूलाल गुप्ता, सरगुजा अध्यक्ष रामचंद्र सा, संरक्षक हरिचरण प्रधान और व्यासदेव भोई सहित अन्य पदाधिकारी मंच पर उपस्थित रहे।

संभागीय अध्यक्ष गिरधारी साहू ने स्वागत भाषण दिया और अभिनंदन पत्र का वाचन किया। महामंत्री मथामणि बढ़ाई ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *