November 5, 2026

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र में हुए चर्चित गोरकर बंधु दोहरे हत्याकांड के दो फरार आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, शनिवार देर रात करोहन क्षेत्र में दोनों को हिरासत में लेने के बाद वे पुलिस वाहन से कूदकर भागने की कोशिश करने लगे। रोकने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर पत्थर फेंके, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में दोनों के पैर में गोली लगी। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भागने की कोशिश के दौरान पुलिस पर पत्थरबाजी का दावा

नीलगंगा थाना पुलिस और साइबर टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस को दोनों के करोहन क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली थी। टीम ने घेराबंदी कर सोनू पासी और विजय उर्फ छोटू गोल्डन को हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार, दोनों को थाने ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उन्होंने पुलिस वाहन से कूदकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो दोनों ने कथित तौर पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी।

अस्पताल में उपचार जारी

फायरिंग में घायल सोनू पासी और विजय उर्फ छोटू गोल्डन को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार दोनों को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने भी मामले की जानकारी दी है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर दोहरे हत्याकांड में उनकी भूमिका और अन्य फरार आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

18 जुलाई को हुई थी दो भाइयों की हत्या

पुलिस के मुताबिक, नीलगंगा इलाके में पासी और गोरकर परिवार के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। 18 जुलाई की रात दोनों पक्ष दरबार फूड रेस्टोरेंट के सामने आमने-सामने आ गए थे। इस दौरान लाठी-डंडे, तलवार और पत्थरों से हमला हुआ था। पुलिस का कहना है कि पासी परिवार की ओर से फायरिंग भी की गई थी।

फायरिंग में लोकेश गोरकर को गोली लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके भाई जय गोरकर और चचेरे भाई तपन को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान 19 जुलाई को जय गोरकर की भी मौत हो गई थी।

सोनू पर 14, विजय पर तीन आपराधिक मामले

पुलिस के अनुसार सोनू पासी के खिलाफ नीलगंगा और महाकाल थानों में पहले से करीब 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, जुआ, अवैध शराब और बलवा समेत अन्य मामले शामिल बताए गए हैं।

वहीं विजय उर्फ छोटू गोल्डन के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोहरे हत्याकांड के मामले को मिलाकर उसके खिलाफ कुल तीन प्रकरण दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

गोरकर दोहरे हत्याकांड में पुलिस पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि कुछ अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *