September 14, 2026

Gwalior News: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में इंदरगंज थाना क्षेत्र के शिंदे की छावनी स्थित पेट्रोल पंप पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पेट्रोल भरवाते समय अचानक एक स्कूटर में आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने स्कूटर को पूरी तरह घेर लिया और चालक भी इसकी चपेट में आ गया।

हादसे के दौरान आग पेट्रोल पंप के पास बने टैंक तक भी पहुंच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि आग टैंक के अंदर तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

पेट्रोल भराते समय स्कूटर से निकली चिंगारी

जानकारी के मुताबिक, रफीक खान अपनी स्कूटर में पेट्रोल भरवाने के लिए शिंदे की छावनी स्थित पेट्रोल पंप पहुंचा था। पेट्रोल भरने के दौरान अचानक स्कूटर से चिंगारी निकली और कुछ ही सेकंड में उसमें आग भड़क उठी।

आग इतनी तेजी से फैली कि रफीक खान भी उसकी चपेट में आ गया और झुलस गया। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

कर्मचारियों ने फायर सिलेंडर से बुझाई आग

आग लगते ही पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने बिना देर किए मोर्चा संभाला। कर्मचारियों ने फायर सेफ्टी सिलेंडर का इस्तेमाल किया और पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की।

कर्मचारियों की तत्परता के चलते आग को ज्यादा फैलने से रोक लिया गया। इससे पेट्रोल टैंक तक पहुंची लपटों को भी समय रहते नियंत्रित कर लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।

झुलसे स्कूटर चालक की हालत खतरे से बाहर

हादसे में झुलसे रफीक खान को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें रफीक आग की लपटों से घिरा नजर आ रहा है। वीडियो में पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारी आग बुझाने के लिए प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद इंदरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल और उपलब्ध वीडियो फुटेज की जांच कर रही है।

फिलहाल हादसे में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *