ग्वालियर। ट्रेनों के एसी कोच में यात्रियों का सामान चोरी करने वाले एक आरोपी को ग्वालियर जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। आरोपी यात्री बनकर ट्रेन में सवार होता और मौका मिलते ही बैग चोरी कर अगले स्टेशन पर उतर जाता था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर 34 बैग बरामद किए हैं। इनमें रखे सामान की कीमत करीब 8 लाख 26 हजार रुपये आंकी गई है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

महंगे कपड़े पहनकर एसी कोच में करता था सफर
पुलिस के मुताबिक, आरोपी दीपक महंगे कपड़े पहनकर एसी कोच में सफर करता था, ताकि यात्रियों को उस पर शक न हो। वह सफर के दौरान यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखता और मौका मिलते ही उनका बैग लेकर अगले स्टेशन पर उतर जाता था। इसी तरीके से वह चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
जांच में सामने आया कि दीपक पहले एक फाइनेंस कंपनी में नौकरी करता था। आर्थिक नुकसान के बाद वह आर्थिक तंगी में आ गया। इसी दौरान उसने ट्रेन में एक यात्री का बैग चोरी किया। बैग में कीमती सामान और नकदी मिलने के बाद उसने चोरी को ही कमाई का जरिया बना लिया और लगातार वारदातें करने लगा।
जीटी एक्सप्रेस और नागपुर के मामले में भी भूमिका
जीआरपी डीएसपी कीर्ति नरवरिया के मुताबिक, आरोपी ने हाल ही में ग्वालियर के गोले का मंदिर क्षेत्र स्थित प्रगति विहार निवासी दीपक शर्मा का सामान जीटी एक्सप्रेस से चोरी किया था। इसके अलावा मई में नागपुर निवासी विशाखा शशिकांत के सामान की चोरी के मामले में भी उसकी भूमिका सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 34 बैग बरामद किए हैं। इनमें मिले सामान की कुल कीमत करीब 8 लाख 26 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में ट्रेनों में चोरी की अन्य वारदातों का भी पता चल सकता है।