November 4, 2026

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण ट्रक हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जनसुरक्षा में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित सीएसपी को तत्काल हटाने और आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। निलंबित किए जाने वाले पुलिसकर्मियों में तीन थाना प्रभारी, एक यातायात निरीक्षक, एक प्रधान आरक्षक और तीन आरक्षक शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने घटना की विस्तृत जांच कराने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जिम्मेदारी तय की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

CM मोहन यादव ने X पर दी कार्रवाई की जानकारी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर हादसे के बाद की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शीतला माता मंदिर के पास हुई घटना में लापरवाही को गंभीरता से लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने संबंधित सीएसपी को तत्काल हटाने, आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित करने और घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर जिम्मेदारी तय कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सीएम ने यह भी कहा कि सभी नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी और जरूरी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने दोहराया कि जनसुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान

हादसे पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा भी की है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को दो-दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।

इसके अलावा, घायलों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

PM मोदी ने भी जताया दुख, PMNRF से मिलेगी सहायता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ग्वालियर हादसे में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी संदेश में शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई गई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई।

प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।

कैसे हुआ ग्वालियर का दर्दनाक हादसा?

ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास शनिवार देर रात यह दर्दनाक हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, ट्रक चीनोर की ओर से आ रहा था और ढलान पर खड़ा था। रात करीब एक बजे अचानक ब्रेक फेल होने के कारण ट्रक ढलान से नीचे लुढ़क गया। इसके बाद ट्रक पलटते हुए मंदिर के गेट से जा टकराया और दर्शन के लिए खड़े श्रद्धालुओं की भीड़ में घुस गया।

इस हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 25 से अधिक लोग घायल बताए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया गया। क्रेन की मदद से ट्रक को हटाकर उसके नीचे दबे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला गया।

सभी घायलों को जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। घायलों में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के दो जवान भी शामिल बताए गए हैं।

हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

शीतला माता मंदिर के पास हुए हादसे के बाद सुरक्षा इंतजामों और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कार्रवाई के साथ-साथ विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *