दंतेवाड़ा। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव की आशंका को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार अलर्ट मोड पर है। प्रदेश में तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना के बीच दंतेवाड़ा जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 27 अक्टूबर को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। यह छुट्टी केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगी, जबकि शिक्षकों को स्कूल पहुंचना होगा।

जिला शिक्षा अधिकारी ने कलेक्टर की अनुमति से इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर फैसला
जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश में कहा गया है कि चक्रवाती तूफान और अत्यधिक बारिश की आशंका के चलते छात्र-छात्राओं को स्कूल पहुंचने में परेशानी हो सकती है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 27 अक्टूबर को अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया गया है।
हालांकि, यह अवकाश शिक्षकों और अन्य स्कूल कर्मचारियों पर लागू नहीं होगा।
27 से 29 अक्टूबर तक प्रदेशभर में अलर्ट
चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों के कलेक्टरों को 27 से 29 अक्टूबर तक विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टरों को मौसम संबंधी चेतावनियों पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, बस्तर और नारायणपुर जिलों में तेज हवाओं और बारिश की आशंका को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।