मरवाही। मरवाही वनमंडल क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। रूमगा गांव निवासी 36 वर्षीय केमला प्रसाद पर जंगल में एक हाथी ने हमला कर दिया और उन्हें पैरों तले कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

हाथियों के दल को देखने जंगल पहुंचा था युवक
जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर बाद रूमगा-मटियाढांड के जंगल में हुई। इन दिनों मरवाही वनमंडल क्षेत्र में 53 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण उन्हें देखने जंगल पहुंच रहे हैं।
इसी दौरान केमला प्रसाद हाथियों के काफी करीब चले गए। तभी दल में शामिल एक हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें कुचलकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
गौरेला ले जाते समय रास्ते में मौत
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद वन विभाग के कर्मचारियों ने घायल युवक को मरवाही के उपस्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल गौरेला रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।
वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क
मरवाही वनमंडल में 53 हाथियों के दल की सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के गांवों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि हाथियों को देखने के लिए भीड़ लगाना या उनके नजदीक जाकर फोटो और वीडियो बनाना जानलेवा हो सकता है।
ग्रामीणों से हाथियों के विचरण वाले जंगलों में जाने से बचने, वनकर्मियों के निर्देशों का पालन करने और हाथियों को परेशान नहीं करने की अपील की गई है। वन विभाग के अनुसार, जंगली हाथियों का व्यवहार अनिश्चित होता है, इसलिए उनकी मौजूदगी वाले इलाकों में अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है।