शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में पत्नी और सास की हत्या के मामले में फरार आरोपी पति दिनेश रजक को गोहपारू थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि चरित्र संदेह को लेकर हुए विवाद के दौरान उसने दोनों पर खटिया के पाए से हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने शवों को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगाया और फरार हो गया था।

चरित्र संदेह को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गोहपारू थाना क्षेत्र के नवागांव निवासी दिनेश रजक की शादी करीब एक साल पहले सीधी जिले की रुचि से हुई थी। बताया गया है कि 4 अक्टूबर को चरित्र संदेह को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इस दौरान दिनेश ने कथित तौर पर पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
इसी समय रुचि की मां सावित्री देवी अपनी बेटी को मायके ले जाने के लिए वहां पहुंचीं। जब उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने कथित तौर पर पास में रखे खटिया के पाए से पत्नी और सास पर हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौत हो गई।
शव कमरे में बंद कर बाहर से लगाया ताला
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने दोनों शवों को कमरे में बंद किया और बाहर से ताला लगाकर मौके से फरार हो गया। 8 अक्टूबर को बंद कमरे से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का ताला तोड़कर दोनों शव बरामद किए। दोहरे हत्याकांड की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
गुजरात से भागकर गोहपारू के जंगल में छिपा
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के गुजरात में होने की जानकारी मिली। इसके बाद गोहपारू पुलिस की टीम उसकी तलाश में गुजरात पहुंची। हालांकि, पुलिस की भनक लगने पर आरोपी वहां से निकलकर वापस गोहपारू क्षेत्र में आ गया और जंगल में छिप गया।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को जंगल से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।