November 5, 2026

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक महिला के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। शिवपुरी से पत्नी के साथ गांधी प्राणी उद्यान घूमने पहुंचे एक युवक ने आरोप लगाया है कि वह पत्नी को चिड़ियाघर के मुख्य गेट पर छोड़कर बाइक पार्क करने गया था। वापस लौटने पर पत्नी वहां नहीं मिली। तलाश के दौरान वह एक युवक की बाइक पर बैठकर जाती दिखाई दी। घटना चिड़ियाघर के गेट पर लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है।

पति की शिकायत पर पड़ाव थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर बाइक सवार युवक की पहचान करने की कोशिश कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि महिला अपनी मर्जी से गई है या उसके साथ कोई अन्य घटना हुई है।

पत्नी को गेट पर छोड़कर पार्किंग में गया था पति

मामला ग्वालियर के फूलबाग स्थित गांधी प्राणी उद्यान का है, जो पड़ाव थाना क्षेत्र में आता है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, शिवपुरी जिले के कांकर निवासी 21 वर्षीय करन रजक की शादी 5 मई 2026 को सुहाना रजक से हुई थी।

करन के मुताबिक, वह अपनी पत्नी के साथ बाइक से ग्वालियर में रहने वाले रिश्तेदारों के यहां आया था। रास्ते में पत्नी ने पहले चिड़ियाघर घूमने और फिर रिश्तेदारों के घर जाने की इच्छा जताई। इसके बाद दोनों गांधी प्राणी उद्यान पहुंचे।

पति का कहना है कि उसने पत्नी को मुख्य गेट के पास छोड़ा और बाइक पार्किंग में खड़ी करने चला गया। जब वह वापस लौटा, तो पत्नी वहां मौजूद नहीं थी। आसपास तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला।

CCTV फुटेज में बाइक पर बैठकर जाती दिखी महिला

पत्नी के नहीं मिलने पर करन ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उसे एक महिला बाइक सवार युवक के साथ जाती हुई दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने चिड़ियाघर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।

फुटेज में एक महिला बाइक सवार युवक के साथ जाती दिखाई दे रही है। पति ने आशंका जताई है कि उसकी पत्नी अरमान खान नाम के युवक के साथ गई है। हालांकि, महिला के लापता होने की परिस्थितियों और युवक के साथ उसके संबंधों को लेकर अभी कोई अंतिम पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने दर्ज की शिकायत, महिला की तलाश जारी

काफी तलाश के बाद भी पत्नी का पता नहीं चलने पर करन पड़ाव थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों की मदद से महिला तथा उसके साथ दिखाई दे रहे युवक का पता लगाने में जुटी है। महिला के मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वह अपनी इच्छा से गई थी या उसके साथ किसी तरह की घटना हुई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *