रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिल्म निर्माण और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने पहल तेज कर दी है। प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें फिल्म शूटिंग के नए स्थलों की पहचान, राज्य की फिल्म नीति के नवीनीकरण और प्रस्तावित चित्रोत्पला फिल्म सिटी को लेकर चर्चा की गई।

फिल्म शूटिंग के लिए नए स्थलों की होगी पहचान
मुख्य सचिव विकासशील ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्राकृतिक और सिनेमैटिक दृश्यों की अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश का प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध पर्यटन स्थल फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर सकते हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेशभर में फिल्म शूटिंग के लिहाज से उपयुक्त नए स्थलों की पहचान की जाए और उन्हें विकसित करने के साथ प्रचारित भी किया जाए। इन स्थलों को देश और विदेश के फिल्म निर्माताओं के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने पर भी जोर दिया गया।
फिल्म नीति के नवीनीकरण और चित्रोत्पला फिल्म सिटी पर जोर
बैठक में राज्य की मौजूदा फिल्म नीति को अधिक व्यावहारिक और प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श हुआ। इसके साथ ही प्रस्तावित चित्रोत्पला फिल्म सिटी की संभावनाओं और उसे धरातल पर उतारने के विषय पर भी चर्चा की गई।
सरकार का उद्देश्य फिल्म निर्माताओं के लिए शूटिंग से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और आकर्षक बनाना है, ताकि अधिक से अधिक प्रोडक्शन हाउस छत्तीसगढ़ में शूटिंग के लिए आएं।
स्थानीय कलाकारों और युवाओं को मिलेगा रोजगार
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में फिल्म निर्माण गतिविधियां बढ़ने से पर्यटन को भी गति मिलेगी। इससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों, होटल उद्योग और युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
बैठक में निफ्टेम के प्रस्तावित भ्रमण के साथ खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में तकनीकी सुविधाओं और प्रशिक्षण के विस्तार से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव रजत कुमार, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव अमित कटारिया, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज सहकारी संघ की प्रबंध संचालक संजीता गुप्ता और वाणिज्य एवं उद्योग विभाग की उप सचिव आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।