September 13, 2026

छत्तीसगढ़ सरकार ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ को राज्य में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फिल्म देखने के बाद यह ऐलान किया। मुख्यमंत्री साय ने राजधानी रायपुर के जोरा मॉल स्थित सिनेमाघर में सपरिवार फिल्म देखी। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी सपरिवार मौजूद रहे। मंत्रिपरिषद के सदस्यों और विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्षों ने भी फिल्म देखी।

CM साय बोले- ऐसी फिल्में ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचें

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा से समाज को परिचित कराने वाली प्रेरणादायी फिल्मों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म को टैक्स फ्री किए जाने से प्रदेश के अधिकाधिक दर्शकों, खासकर युवाओं को भारत की समृद्ध संत परंपरा और उससे जुड़े जीवन मूल्यों को समझने का अवसर मिलेगा।

नीम करौली बाबा के जीवन और संदेश पर आधारित है फिल्म

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने हमेशा समाज को सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। संतों ने अपने जीवन और आचरण के जरिए मानवता और लोककल्याण का संदेश दिया है।

उन्होंने कहा कि नीम करौली बाबा का जीवन भी इसी महान संत परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनका जीवन यह संदेश देता है कि मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, नीम करौली बाबा ने सरल जीवन और सहज शब्दों के माध्यम से प्रेम, सेवा और भक्ति का संदेश दिया। उनके विचारों में मानवता और सभी के प्रति समान भाव को विशेष महत्व दिया गया। उनका संदेश आज भी प्रासंगिक है और समाज को सकारात्मक दिशा देने की क्षमता रखता है।

CM ने फिल्म की पूरी टीम की सराहना की

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक, कलाकारों और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज तक विचार, संस्कार और प्रेरणा पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित सकारात्मक फिल्में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और मानवीय मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

सेवा, करुणा और मानव कल्याण के संदेश को आगे बढ़ाने पर जोर

CM साय ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक शक्ति उसकी हजारों वर्षों पुरानी परंपराओं और जीवन मूल्यों में निहित है। सेवा, करुणा, सद्भाव और मानव कल्याण जैसे मूल्यों को आगे बढ़ाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्में इन मूल्यों को सरल और प्रभावी तरीके से समाज तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास हैं।

उल्लेखनीय है कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी आध्यात्मिक यात्रा तथा सेवा और भक्ति के संदेश पर आधारित है। फिल्म स्क्रीनिंग के दौरान मंत्रिपरिषद के सदस्यों, विभिन्न निगम-मंडल-आयोगों के अध्यक्षों सहित अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *