November 16, 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूरे होने के अवसर पर नवा रायपुर अटल नगर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर (मेला ग्राउंड) में 1 से 3 नवंबर तक राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष आयोजन की मुख्य थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। इसके जरिए महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और युवाओं के लिए आजीविका के नए अवसरों को प्रदर्शित किया जाएगा।

तीन दिवसीय राज्योत्सव का शुभारंभ 1 नवंबर को केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया करेंगे। 2 नवंबर के कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, 3 नवंबर को समापन समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे। राजधानी के अलावा प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में भी 2 नवंबर को जिला स्तरीय राज्योत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

45 से अधिक स्टॉल में दिखेगी छत्तीसगढ़ की झलक

राज्योत्सव स्थल पर विभिन्न विभागों के लगभग 30 और अन्य संस्थानों के 15 सहित 45 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां विभागीय विकास प्रदर्शनियों के साथ छत्तीसगढ़ी पारंपरिक आभूषण, मंदिरों की कलात्मक झलकियां, लोककला और शिल्प प्रदर्शित किए जाएंगे।

आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में राष्ट्रीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और भारतीय वायुसेना की सारंग टीम का एयर शो भी शामिल है। तीनों दिन प्रदेश की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाले कार्यक्रम होंगे।

‘बदलता बस्तर-संवरता छत्तीसगढ़’ थीम पर विशेष प्रदर्शनी

राज्योत्सव के शिल्पग्राम में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक ढोकरा कला यानी बेलमेटल शिल्प और सजावटी कलाकृतियों का प्रदर्शन किया जाएगा। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ‘बदलता बस्तर-संवरता छत्तीसगढ़’ थीम पर विशेष प्रदर्शनी लगाएगा। इसमें नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति, पर्यटन के विस्तार, रोजगार के अवसरों और वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी पहलों को दर्शाया जाएगा।

प्रदर्शनी में कांगेर घाटी की जंगल सफारी और गुफाओं के साथ कोंडागांव की पुष्पाल घाटी को भी प्रदर्शित किया जाएगा, जो स्टार गेजिंग के लिए जानी जाती है। इसके अलावा इंद्रावती टाइगर रिजर्व के मट्टीमरका और सुकमा के तुंगल डैम के मॉडल भी आकर्षण का केंद्र होंगे।

धुड़मारास के धुरवा होमस्टे और देवगुड़ियों के संरक्षण के माध्यम से बस्तर की संस्कृति तथा पर्यटन आधारित आजीविका की संभावनाओं को भी सामने रखा जाएगा।

वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता की जानकारी मिलेगी

वन विभाग की प्रदर्शनी में बारनवापारा में दशकों बाद काले हिरण की वापसी, औरापानी में गिद्ध संरक्षण और छत्तीसगढ़ के पहले रामसर स्थल कोपरा जलाशय के संरक्षण की जानकारी दी जाएगी।

इसके साथ ही प्रदेश के राजकीय पशु वन भैंसा, राजकीय वृक्ष साल, राजकीय पक्षी पहाड़ी मैना और राजकीय तितली के रूप में अनुमोदित ऑरेंज ओकलीफ के बारे में भी जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।

तीन दिवसीय राज्योत्सव में विकास प्रदर्शनियों, लोककला, शिल्प, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी पहलों के जरिए छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों और सांस्कृतिक पहचान को सामने लाने की तैयारी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *