छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में तीन नए न्यायाधीशों ने पद की शपथ लेकर कार्यभार संभाल लिया है। हाईकोर्ट परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में जस्टिस संतोष शर्मा, जस्टिस सुषमा सावंत और जस्टिस सुधीर कुमार ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। चीफ जस्टिस जस्टिस कृष्ण राम महापात्रा ने तीनों नवनियुक्त जजों को पद की शपथ दिलाई।

हाईकोर्ट के जज, अधिकारी और वकील रहे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में हाईकोर्ट के न्यायाधीशों के साथ रजिस्ट्रार जनरल और रजिस्ट्री के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ स्टेट ज्यूडिशियल एकेडमी, छत्तीसगढ़ स्टेट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी के अधिकारी, बार के वरिष्ठ सदस्य, अधिवक्ता और न्यायिक सदस्य भी समारोह में शामिल हुए।
इस दौरान एडवोकेट जनरल सहित अन्य वक्ताओं ने नवनियुक्त न्यायाधीशों को शुभकामनाएं और बधाई दी। वक्ताओं ने उनके अब तक के न्यायिक योगदान और सेवाओं की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि वे अपनी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए न्याय, ईमानदारी और न्यायिक उत्कृष्टता के उच्चतम मानकों को बनाए रखेंगे।
संविधान और न्याय के सिद्धांतों को बनाए रखने का संकल्प
शपथ ग्रहण के बाद नवनियुक्त न्यायाधीशों ने हाईकोर्ट के जज के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को लेकर प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि वे अपनी संवैधानिक और न्यायिक जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और स्वतंत्रता के साथ करेंगे।
नए जजों ने भारत के संविधान, कानून के शासन और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों को बनाए रखने के अपने संकल्प को भी दोहराया।
तीन नए जजों के साथ हाईकोर्ट में अब 13 न्यायाधीश
पिछले कुछ दिनों में कुछ न्यायाधीशों के सेवानिवृत्त होने के कारण छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में जजों की संख्या कम हुई थी। अब तीन नए न्यायाधीशों के पदभार संभालने के बाद हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की कुल संख्या 13 हो गई है।
तीनों नए न्यायाधीशों के कार्यभार संभालने से हाईकोर्ट में लंबित मामलों की सुनवाई और न्यायिक कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।