मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आदिवासी संगठन जयस (JAYS) के प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। टीआई रतन सिंह परिहार के खिलाफ FIR दर्ज करने और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो हंगामा शुरू हो गया। इसी दौरान एक महिला प्रदर्शनकारी द्वारा पुलिस आरक्षक को थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

घटना के बाद पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
CM हाउस की ओर बढ़ने लगे प्रदर्शनकारी
जानकारी के मुताबिक, जयस के कार्यकर्ता अपनी विभिन्न मांगों और टीआई रतन सिंह परिहार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने लगे।
सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस बल ने जब प्रदर्शनकारियों को आगे जाने से रोकने की कोशिश की, तो दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई और प्रदर्शनकारियों ने हंगामा शुरू कर दिया।
महिला पुलिसकर्मियों के साथ भी हुई झूमाझटकी
प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के दौरान पुलिस और जयस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हुई। आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की और महिला पुलिसकर्मियों सहित अन्य जवानों के साथ झूमाझटकी की।
इसी दौरान एक महिला कार्यकर्ता द्वारा पुलिस आरक्षक को थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
वायरल वीडियो के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस वायरल वीडियो और मौके पर हुए घटनाक्रम के आधार पर जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार की जाएगी।
फिलहाल प्रदर्शन के दौरान हुए हंगामे और पुलिसकर्मियों के साथ कथित अभद्रता को लेकर मामला चर्चा में है।