रीवा। जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर सिरमौर क्षेत्र में प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट को लेकर विरोध तेज हो गया है। क्षेत्र के ग्राम रोझौही और सरई कला में प्रस्तावित परियोजना के लिए भूमि परीक्षण करने पहुंची एमएस फुग्रो कंपनी की बोरिंग मशीनों को ग्रामीणों के विरोध के बाद काम रोककर वापस लौटना पड़ा।

ग्रामीणों ने परियोजना के लिए बिना ग्राम पंचायत की अनुमति और सहमति के मशीनें पहुंचने पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि जल, जंगल, जमीन, पर्यावरण और स्थानीय जनजीवन की सुरक्षा को लेकर क्षेत्र के लोग एकजुट हैं।
बोरिंग मशीनें पहुंचते ही लामबंद हुए ग्रामीण
जानकारी के मुताबिक, प्रस्तावित परियोजना की प्रारंभिक प्रक्रिया के तहत कंपनी के कर्मचारी मिट्टी की जांच और बोरहोल करने पहुंचे थे। योजना के अनुसार, क्षेत्र में कुल 8 बोरहोल किए जाने थे। इनमें से चार बोरहोल करीब 100 मीटर और चार बोरहोल 50 मीटर गहराई तक किए जाने प्रस्तावित थे।
हालांकि, जैसे ही मशीनें सरई कला पंचायत क्षेत्र में पहुंचीं, स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। विरोध के चलते काम रोकना पड़ा। ग्रामीणों का दावा है कि रोझौही समेत आसपास के करीब 100 गांवों के लोग इस परियोजना के विरोध में एकजुट हैं।
ग्राम सभा की असहमति के बावजूद मशीनें पहुंचने पर सवाल
विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन और कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। ग्रामीणों का आरोप है कि कलेक्टर के पत्र क्रमांक 117 के संबंध में ग्राम सभा पहले ही असहमति का प्रस्ताव पारित कर चुकी है। इसकी लिखित सूचना सरपंच और सचिव के माध्यम से शासन-प्रशासन को भी दी गई थी।
ग्रामीणों ने सवाल किया कि जब ग्राम सभा अपनी असहमति दर्ज करा चुकी थी, तो ग्राम पंचायत की अनुमति और सहमति के बिना कंपनी की बोरिंग मशीनें गांव में कैसे पहुंचीं।
तनावपूर्ण माहौल के बीच वापस लौटीं मशीनें
ग्रामीणों के विरोध और मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनने के बाद कंपनी की दोनों बोरिंग मशीनों को वापस लौटना पड़ा। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि वे क्षेत्र के जल, जंगल और जमीन के साथ पर्यावरण तथा स्थानीय जनजीवन की सुरक्षा के लिए अपना आंदोलन जारी रखेंगे।
फिलहाल प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट को लेकर ग्रामीणों और परियोजना से जुड़े पक्षों के बीच गतिरोध बना हुआ है। मामले में प्रशासन और कंपनी की ओर से आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद स्थिति को लेकर तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।