रायपुर। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। दौरे के दौरान वे पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हो रही हैं। इसी क्रम में उन्होंने अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के एक निजी भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 139वीं कड़ी सुनी।

इस अवसर पर स्मृति ईरानी के साथ भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सोशल मीडिया पर साझा की कार्यक्रम की जानकारी
स्मृति ईरानी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अभनपुर में आयोजित कार्यक्रम की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ की इस कड़ी में हैंडलूम के क्षेत्र में नई पहचान बना रही नारीशक्ति, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और जनभागीदारी से हो रहे सकारात्मक बदलावों की प्रेरक कहानियों का उल्लेख किया।
उन्होंने बिहार के मखाने के ग्रीस तक पहुंचने को ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान की सफलता का बड़ा उदाहरण बताया। साथ ही ‘मन की बात’ के 12 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देशवासियों को बधाई दी।
जनभागीदारी से राष्ट्र निर्माण का माध्यम है ‘मन की बात’
स्मृति ईरानी ने कहा कि ‘मन की बात’ की यात्रा देश के कोने-कोने से प्रेरक कहानियों को सामने लाने का माध्यम बनी है। यह कार्यक्रम जनभागीदारी के जरिए राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।