भोपाल। राजधानी भोपाल में त्योहारी सीजन के दौरान बीजेपी की ओर से निकाली जा रही ‘अराजकता हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बीजेपी पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की रैलियों के दौरान व्यापारियों के नुकसान की चिंता जताने वाली बीजेपी अब खुद त्योहारों के बीच शहर के मुख्य बाजारों और व्यस्त रास्तों से पदयात्रा निकाल रही है।

त्योहारी सीजन में पदयात्रा पर उठाए सवाल
उमंग सिंघार ने अपनी पोस्ट में कहा कि त्योहारों के दौरान इस तरह की रैलियों से व्यापारियों के कारोबार, आम लोगों की आवाजाही और स्कूली बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। उन्होंने दावा किया कि पदयात्रा के चलते कई स्कूलों में छुट्टी तक घोषित करनी पड़ी है।
नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाया कि बीजेपी की राजनीतिक गतिविधियों का खामियाजा स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को क्यों भुगतना पड़े? उन्होंने सरकार से पूछा कि दिल्ली में कांग्रेस की महारैली के दौरान व्यापारियों के नुकसान की चिंता जताने वाली बीजेपी को अब भोपाल के व्यापारियों और बच्चों की परेशानी क्यों नजर नहीं आ रही है?
बालाघाट, भागीरथपुरा, सागर और देवास का किया जिक्र
सिंघार ने कानून-व्यवस्था और हालिया घटनाओं को लेकर भी बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पदयात्रा में शामिल होने वाले बीजेपी नेताओं और मंत्रियों में यदि संवेदनशीलता होती तो वे बालाघाट, भागीरथपुरा, सागर और देवास भी जाते।
उन्होंने इन स्थानों पर हुई मौतों का हवाला देते हुए प्रदेश सरकार की व्यवस्थाओं और कथित लापरवाही पर सवाल उठाए। सिंघार ने आरोप लगाया कि बीजेपी को राजनीतिक प्रदर्शन के बजाय उन घटनाओं पर भी जवाब देना चाहिए, जिनमें लोगों की जान गई है।