जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर स्थित कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में लगातार हो रही बारिश और चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव को देखते हुए जंगल सफारी को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। राष्ट्रीय उद्यान प्रबंधन ने पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, मौसम सामान्य होते ही जंगल सफारी दोबारा शुरू कर दी जाएगी।

20 अक्टूबर को खोली गई थीं पर्यटन सेवाएं
कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में स्थित कुटुमसर गुफा और जंगल सफारी को हाल ही में 20 अक्टूबर को पर्यटकों के लिए खोला गया था। बारिश के मौसम में सुरक्षा कारणों से इन पर्यटन गतिविधियों को बंद रखा जाता है।
लेकिन क्षेत्र में लगातार बारिश और खराब मौसम की आशंका के चलते फिलहाल जंगल सफारी को फिर से स्थगित कर दिया गया है। प्रबंधन के अनुसार, स्थिति सामान्य होने तक पर्यटन से जुड़ी सेवाओं पर रोक जारी रहेगी।
हर साल पहुंचते हैं लाखों पर्यटक
कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान अपनी प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और कुटुमसर गुफा के लिए प्रसिद्ध है। यहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।
राष्ट्रीय उद्यान प्रबंधन का कहना है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। हालात अनुकूल होने के बाद पर्यटकों के लिए जंगल सफारी फिर से शुरू की जाएगी।