November 11, 2026

कबीरधाम। आगामी धान खरीदी सीजन से पहले जिले में अवैध धान कारोबार और बिचौलियों की गतिविधियों पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देश पर खाद्य विभाग और मंडी समिति की संयुक्त टीम ने पांच स्थानों पर छापेमार कार्रवाई करते हुए 216 बोरी धान जब्त किया। जब्त धान का कुल वजन 86.40 क्विंटल है। मामले में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मंडी अधिनियम के तहत पांच प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन ने बताया कि धान खरीदी शुरू होने से पहले अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है। इसी के तहत संयुक्त टीम ने ग्राम उड़ियाकला, बिडोरा, कल्याणपुर, भागूटोला और तरेगांव जंगल में कार्रवाई की।

पांच स्थानों से जब्त किया गया धान

कार्रवाई के दौरान अलग-अलग स्थानों से धान की जब्ती की गई। इसका विवरण इस प्रकार है—

  • बजरंगबली ट्रेडर्स, उड़ियाकला (सहसपुर लोहारा): 60 बोरी, 24 क्विंटल।
  • भोजराम पटेल, बिडोरा: 40 बोरी, 16 क्विंटल।
  • पेखन साहू, कल्याणपुर: 55 बोरी, 22 क्विंटल।
  • परमात्मा ट्रेडर्स, भागूटोला: 50 बोरी, 20 क्विंटल।
  • अजय नाग, तरेगांव जंगल: 11 बोरी, 4.40 क्विंटल।

इस तरह पांचों स्थानों से कुल 216 बोरी यानी 86.40 क्विंटल धान जब्त किया गया। सभी मामलों में मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पारदर्शी धान खरीदी पर प्रशासन का जोर

जिला प्रशासन के मुताबिक, आगामी धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए अवैध भंडारण, अनियमित कारोबार और बिचौलियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान का उद्देश्य धान खरीदी प्रक्रिया में अनियमितताओं पर रोक लगाना और व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखना है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *