कटनी: मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरही थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्राम पड़रिया के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा है।

दशहरा मेला देखने जा रहे थे तीनों युवक
जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक बरही थाना क्षेत्र के सिजेहरा गांव के रहने वाले थे। उनकी पहचान छोटेलाल कोल, अमित लाल कोल और सुमित कोल के रूप में हुई है।
बुधवार देर रात तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर पास के इलाके में आयोजित दशहरा मेला देखने जा रहे थे। उनकी मोटरसाइकिल बरही रोड पर ग्राम पड़रिया के पास पहुंची थी, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे शव
हादसे की सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।
गुरुवार सुबह तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिए गए।
फरार वाहन और चालक की तलाश में पुलिस
बरही थाना प्रभारी अरविंद चौबे के मुताबिक, पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मौके से फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।
पुलिस आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन की पहचान की जा सके। आरोपी चालक का पता लगाने के लिए पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।