भोपाल/देवास। देवास जिले के खातेगांव में TI दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर हत्या के मामले में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल ने वीडियो जारी कर शराब कारोबार से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार किया है। वहीं, कांग्रेस के मीडिया प्रभारी मुकेश नायक ने कहा कि मामले में उनकी पार्टी का कोई व्यक्ति संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। दूसरी ओर, नायक ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा को लेकर आरोप लगाए हैं।
राहुल जायसवाल ने आरोपों को बताया निराधार
मामले में नाम सामने आने के बाद राहुल जायसवाल ने वीडियो जारी कर खुद पर लगे आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि उनका अवैध शराब कारोबार या शराब कांड से कोई लेना-देना नहीं है और उनके पास शराब का कोई लाइसेंस भी नहीं है।
जायसवाल के मुताबिक, उनका मुख्य व्यवसाय ट्रैवल्स और पेट्रोल पंप का है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया और राजनीतिक बयानों के जरिए उनके खिलाफ गलत आरोप लगाए जा रहे हैं और उनकी छवि खराब करने की कोशिश हो रही है।
मुकेश नायक बोले- दोषी हो तो कार्रवाई हो
कांग्रेस के मीडिया प्रभारी मुकेश नायक ने कहा कि मामले में जिस किसी का भी नाम सामने आए, सरकार को उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा, “यदि हमारी पार्टी का भी कोई व्यक्ति संलिप्त है और उसने गलत काम किया है, तो उस पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। हमने ऐसे लोगों का कोई ठेका लेकर नहीं रखा है।”
जगदीश देवड़ा को लेकर लगाए आरोप
नायक ने उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा पर आरोप लगाया कि उनकी सरपरस्ती में अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी के कुछ लोग अवैध शराब कारोबार में शामिल हैं और अपने ऊपर लगे आरोपों से ध्यान हटाने के लिए कांग्रेस को निशाना बना रहे हैं।
खातेगांव TI हत्याकांड की जांच जारी है। मामले में आरोपों और राजनीतिक प्रतिक्रियाओं के बीच पुलिस की जांच और कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।