November 29, 2026

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में लोकायुक्त इंदौर की टीम ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति नालछा के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के ग्राम सोडपुर, नालछा और मांडव स्थित तीन ठिकानों पर बुधवार तड़के एक साथ छापेमारी की गई। प्रारंभिक जांच में करीब 20 साल के सेवाकाल के दौरान वैध आय से 271 प्रतिशत से अधिक अनुपातहीन संपत्ति जुटाने का खुलासा हुआ है।

तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश और एसपी राजेश सहाय के नेतृत्व में तीन अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई की। इसका नेतृत्व डीएसपी आनंद चौहान, टीआई आशुतोष मिठास, प्रतिभा तोमर और सचिन पटेरिया कर रहे हैं।

टीम बैंक खातों, बैंक लॉकरों और जमीन के मूल दस्तावेजों की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, तलाशी के दौरान मिली संपत्तियों और दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।

65 लाख वेतन, 2.41 करोड़ से अधिक का निवेश

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, शेरसिंह ठाकुर का करीब 20 साल का सेवाकाल रहा है। इस दौरान उन्हें लगभग 65 लाख रुपये वेतन मिला। इसके मुकाबले उनकी संपत्तियों और वाहनों पर 2 करोड़ 41 लाख 45 हजार रुपये से अधिक का खर्च और निवेश सामने आया है। लोकायुक्त की प्रारंभिक गणना के अनुसार, यह वैध आय से 271 प्रतिशत से अधिक है।

जांच में अब तक सामने आई संपत्तियां

लोकायुक्त की अब तक की जांच में निम्न संपत्तियों का पता चला है:

  • सोडपुर: 2,400 वर्गफीट का दो मंजिला मकान, जिसकी अनुमानित लागत करीब 97 लाख रुपये है।
  • नालछा: मांडव रोड तिराहे पर 1,350 वर्गफीट का व्यावसायिक भवन, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।
  • मांडव: पत्नी के नाम 2.526 हेक्टेयर कृषि भूमि, जिसकी कीमत करीब 42 लाख रुपये है।
  • सोडपुर: 0.645 हेक्टेयर कृषि भूमि, जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है।
  • वाहन और कृषि उपकरण: जेसीबी, महिंद्रा ट्रैक्टर, महिंद्रा टीयूवी, ऑल्टो कार, बुलेट और अन्य कृषि यंत्र, जिनकी कुल लागत करीब 53 लाख रुपये आंकी गई है।

जांच आगे बढ़ने पर बढ़ सकता है संपत्ति का आंकड़ा

लोकायुक्त अधिकारियों के मुताबिक, तलाशी और दस्तावेजों की जांच जारी है। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के स्वामित्व का सत्यापन किया जा रहा है। अधिकारियों ने कुछ अन्य संपत्तियों के सुराग मिलने की भी बात कही है। जांच पूरी होने पर संपत्ति का कुल आंकड़ा बढ़ सकता है।

मामले में आरोपी प्रबंधक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *