November 29, 2026

शहडोल। जिले में छात्रावासों की व्यवस्थाओं को लेकर छात्रों की नाराजगी अब सड़कों पर दिखाई देने लगी है। ब्यौहारी के मॉडल खंडोली विद्यालय के छात्र स्कूल और छात्रावास छोड़कर जिला मुख्यालय में कलेक्टर से मिलने पैदल रवाना हो गए। छात्र करीब 100 किलोमीटर का सफर तय करने की बात कह रहे हैं। रीवा-शहडोल स्टेट हाईवे पर आगे बढ़ रहे छात्र खबर लिखे जाने तक 6 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर चुके थे।

छात्रावास की समस्याओं से नाराज हैं छात्र

छात्रों का कहना है कि वे छात्रावास की अव्यवस्थाओं से परेशान हैं और अपनी समस्याएं कलेक्टर के सामने रखना चाहते हैं। इसी मांग को लेकर उन्होंने जिला मुख्यालय तक पैदल जाने का फैसला किया है। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले छात्रों के बीच विवाद भी हुआ था। हालांकि, उनके पैदल मार्च के पीछे छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी भी सामने आ रही है।

एक दिन पहले छात्राएं भी निकली थीं पैदल

इस घटना से एक दिन पहले जयसिंहनगर के आवासीय विद्यालय की छात्राएं छात्रावास की दीवार फांदकर कलेक्टर से मिलने निकल पड़ी थीं। छात्राएं करीब 40 किलोमीटर पैदल चली थीं। इससे पहले भी जिले के अलग-अलग आवासीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर जिला मुख्यालय तक पैदल मार्च कर चुके हैं।

शिक्षा और आदिवासी विकास विभाग की व्यवस्था पर सवाल

लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने शिक्षा और आदिवासी विकास विभाग की छात्रावास व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बच्चों को अपनी समस्याएं अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए स्कूल और छात्रावास छोड़कर लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। ऐसे में छात्रावासों में शिकायतों के समाधान और बच्चों की बात सुनने की व्यवस्था पर ध्यान देने की जरूरत सामने आई है।

DEO बोले- बच्चों को समझाकर रोकने का प्रयास जारी

जिला शिक्षा अधिकारी अतुल चौधरी ने बताया कि उन्हें करीब आधे घंटे पहले बच्चों के पैदल निकलने की जानकारी मिली है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्र सड़क की मांग को लेकर निकले हैं। एक दिन पहले बच्चों के बीच विवाद भी हुआ था।

उन्होंने कहा कि बच्चों को समझाकर पैदल मार्च रोकने का प्रयास किया जा रहा है। उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान किया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *