भोपाल। मध्य प्रदेश में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने बड़ी मात्रा में ड्रग्स बरामद की है। टीम ने भोपाल के ISBT बस स्टैंड पर घेराबंदी कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 4.321 किलोग्राम मेथामफेटामाइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3.45 करोड़ रुपये आंकी गई है।

दिल्ली से बस में लेकर आ रहे थे ड्रग्स
जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपी दिल्ली से बस के जरिए नशीला पदार्थ लेकर भोपाल पहुंच रहे थे। DRI को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर सुबह ISBT बस स्टैंड पर घेराबंदी की गई और दोनों को पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान ड्रग्स काले पाउच और ग्रे बैग में छिपाकर रखी मिली। एक आरोपी के पास से 4 किलो 71 ग्राम और दूसरे की पैंट से 250 ग्राम सफेद क्रिस्टल बरामद किया गया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
DRI ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त मेथामफेटामाइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3.45 करोड़ रुपये बताई गई है।
20 दिन में तीसरी कार्रवाई
बताया जा रहा है कि पिछले 20 दिनों के भीतर ड्रग्स तस्करी के खिलाफ यह तीसरी कार्रवाई है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों के बीच DRI की टीम नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।