बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सकरी पुलिस की तत्परता से घर से लापता हुईं दो नाबालिग सगी बहनों को महज 12 घंटे के भीतर सकुशल ढूंढ लिया गया। दोनों बच्चियां बिना बताए घर से निकल गई थीं और रास्ता भटक जाने के कारण वापस नहीं लौट पा रही थीं। पुलिस ने परिजनों के सहयोग से दोनों को मंगला स्थित एक पार्क से बरामद किया।

जानकारी के अनुसार, दोनों नाबालिग बच्चियों के लापता होने की सूचना मिलते ही थाना सकरी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्चियों की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर खोजबीन की।
इसी दौरान दोनों बच्चियों का पता मंगला स्थित एक पार्क में चला। पुलिस ने परिजनों के सहयोग से उन्हें सुरक्षित दस्तयाब कर परिवार को सौंप दिया।
बेटियों को सकुशल देखकर मां की आंखों में छलके खुशी के आंसू
बेटियों के लंबे समय तक घर नहीं लौटने से परिजन काफी परेशान थे। ऐसे में दोनों बच्चियों के सुरक्षित मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली। अपनी बेटियों को सकुशल सामने देखकर मां भावुक हो गईं और उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।
परिजनों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चियों को सुरक्षित वापस लाने के लिए सकरी पुलिस का आभार जताया।