भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पूर्व आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी वरुण बाल्मीकि (27 वर्ष) पर 50 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पंजाब के पटियाला जिले की नाभा तहसील स्थित आशा कॉलोनी का निवासी है। उसकी तलाश के लिए पुलिस ने तस्वीर जारी की है। साथ ही, उसकी पहचान में मदद के लिए शरीर पर बने विशेष टैटू का विवरण भी साझा किया गया है।
आरोपी के बारे में जानकारी मिले तो क्राइम ब्रांच या रातीबड़ थाने को दें सूचना
भोपाल पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वरुण बाल्मीकि के संबंध में कोई भी विश्वसनीय जानकारी या सुराग मिलने पर तुरंत क्राइम ब्रांच भोपाल या रातीबड़ थाना पुलिस से संपर्क करें।
पुलिस ने बताया है कि आरोपी के बारे में सही जानकारी देने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने का भी आश्वासन दिया गया है।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय
आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए भोपाल पुलिस तथा क्राइम ब्रांच की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। पुलिस ने आरोपी की तस्वीर और टैटू संबंधी विवरण जारी कर लोगों से उसकी पहचान करने और आवश्यक जानकारी साझा करने की अपील की है।