September 15, 2026

भोपाल। मध्य प्रदेश में प्राथमिक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया का इंतजार कर रहे चयनित अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने वर्ष 2025 के परीक्षा परिणाम के आधार पर चयनित प्राथमिक शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। आदेश के मुताबिक चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश आज ही जारी करने होंगे।

7 हजार पदों पर होगी नियुक्ति

प्रदेश में करीब 7,000 प्राथमिक शिक्षक पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जानी है। स्कूल आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे।

DPI ने निर्देश दिया है कि नियुक्ति आदेश मिलने के बाद अभ्यर्थियों को अधिकतम 7 दिनों के भीतर संबंधित स्कूल में कार्यभार ग्रहण करना होगा। तय समयसीमा में जॉइनिंग नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Portal 3.0 पर आज ही अपलोड करने होंगे आदेश

लोक शिक्षण संचालनालय ने DEO को नियुक्ति आदेश जारी करने के बाद उसकी जानकारी तत्काल संचालनालय को भेजने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही Education Portal 3.0 पर जिला शिक्षा अधिकारियों की लॉगिन आईडी से नियुक्ति आदेश उसी दिन अपलोड करना अनिवार्य किया गया है।

इससे नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी आने के साथ ही चयनित अभ्यर्थियों को जल्द से जल्द पदस्थापना मिलने की उम्मीद है।

200 से अधिक अभ्यर्थियों वाले जिलों में बैचवार आदेश

पोर्टल पर अधिक लोड और तकनीकी समस्या से बचने के लिए DPI ने जिलों को विशेष व्यवस्था के निर्देश भी दिए हैं। जिन जिलों में चयनित अभ्यर्थियों की संख्या 200 से अधिक है, वहां DEO को दो या उससे अधिक अलग-अलग बैच में नियुक्ति आदेश जारी करने होंगे।

इस व्यवस्था का उद्देश्य नियुक्ति आदेश अपलोड करते समय सर्वर या तकनीकी समस्या की संभावना को कम करना है।

चयनित अभ्यर्थियों में खुशी

DPI के इस आदेश के बाद लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हजारों चयनित अभ्यर्थियों में राहत और खुशी का माहौल है। अब जिला स्तर पर नियुक्ति आदेश जारी होने के बाद स्कूल आवंटन और जॉइनिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

करीब 7 हजार प्राथमिक शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर जारी यह निर्देश चयनित अभ्यर्थियों के लिए लंबे इंतजार के बाद बड़ी राहत माना जा रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *