भोपाल। मध्य प्रदेश में प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा 2025 वर्ग-3 पास करने और मेरिट सूची में स्थान हासिल करने के बावजूद नियुक्ति नहीं मिलने से नाराज अभ्यर्थियों ने बुधवार को प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में चयनित अभ्यर्थी भोपाल के व्यस्त बोर्ड ऑफिस चौराहे पर पहुंचे और चक्काजाम कर दिया। सड़क पर धरने पर बैठे अभ्यर्थियों ने थालियां बजाकर विरोध जताया और सरकार से जल्द नियुक्ति तथा जॉइनिंग प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।

अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा पास करने और जरूरी दस्तावेजी पात्रता पूरी करने के बावजूद उनकी नियुक्ति प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है। उन्होंने मांग की कि चयनित अभ्यर्थियों को जल्द पदस्थापना दी जाए और विभागीय प्रक्रिया पूरी की जाए।
तीसरे दिन भी जारी रहा आंदोलन, खुले आसमान के नीचे गुजार रहे रातें
चयनित अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, दिनभर तेज धूप में धरना देने के बाद उन्हें रातें भी खुले आसमान के नीचे बितानी पड़ रही हैं। गर्मी और भीड़ के बीच कई अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा और कुछ की तबीयत बिगड़ने की बात भी सामने आई है।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि परीक्षा में सफलता और मेरिट सूची में स्थान मिलने के बाद भी नियुक्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की जा रही है। वे लंबित मामलों का स्थायी समाधान और जॉइनिंग की समयसीमा घोषित करने की मांग कर रहे हैं।
मंत्री और अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी नियुक्ति नहीं
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने बताया कि 16 सितंबर को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह और लोक शिक्षण संचालनालय के आयुक्त अभिषेक सिंह से मुलाकात की थी।
अभ्यर्थियों के अनुसार, उस दौरान लंबित मामलों का जल्द निराकरण करने और जॉइनिंग प्रक्रिया शुरू कराने का आश्वासन दिया गया था। हालांकि, उनका कहना है कि अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
25 अगस्त 2025 से लंबित मामलों के निराकरण की मांग
अभ्यर्थियों ने बताया कि वे 25 अगस्त 2025 से लंबित प्रकरणों के स्थायी निराकरण की मांग कर रहे हैं। उनकी प्रमुख मांगों में मेरिट सूची में शामिल अभ्यर्थियों को तत्काल पदस्थापना देना और रुकी हुई दस्तावेजी तथा विभागीय प्रक्रिया पूरी करना शामिल है।
इसके अलावा अभ्यर्थी आवेदन क्रमांक 49 में दर्ज प्रावधानों को लागू करने की मांग भी कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक जॉइनिंग को लेकर कोई ठोस और लिखित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
नियुक्ति प्रक्रिया पर फैसले का इंतजार
भोपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर हुए चक्काजाम के जरिए चयनित अभ्यर्थियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की। अभ्यर्थियों की मांग है कि नियुक्ति प्रक्रिया की स्थिति स्पष्ट की जाए और जॉइनिंग को लेकर समयबद्ध निर्णय लिया जाए। अब प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों को सरकार और संबंधित विभाग की ओर से ठोस कार्रवाई का इंतजार है।