November 16, 2026

बचेली। दंतेवाड़ा जिले के बचेली शहर में मुख्य मार्गों पर NMDC की ओर से कराए जा रहे गेट निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। स्थानीय नागरिकों के विरोध के बीच अब क्षेत्रीय भाजपा विधायक चैतराम अट्टामी भी इस मामले में सामने आए हैं। शिकायत मिलने पर वे NMDC के बचेली कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के सामने नाराजगी जताई। विधायक ने स्पष्ट कहा कि स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लिए बिना कोई निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा।

बाजार, स्कूल और अस्पताल जाने वालों को परेशानी की आशंका

दरअसल, NMDC सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बचेली शहर के मुख्य मार्गों पर गेट बनवा रहा है। इस निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। नागरिकों का कहना है कि गेट बनने से बाजार, स्कूल, अस्पताल और रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है।

स्थानीय लोगों ने आवाजाही के दौरान आधार कार्ड मांगे जाने को लेकर भी NMDC प्रबंधन पर परेशान करने का आरोप लगाया है।

नगर पालिका की NOC और जनता की सहमति की मांग

शिकायत के बाद विधायक चैतराम अट्टामी NMDC कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को अपनी आपत्ति बताई। उन्होंने NMDC प्रबंधन और कलेक्टर से बातचीत कर निर्माण कार्य तत्काल रोकने की मांग की।

विधायक ने कहा कि किसी भी निर्माण से पहले नगर पालिका से अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) लिया जाना चाहिए और स्थानीय नागरिकों की सहमति भी जरूरी है। यदि सुरक्षा के लिहाज से गेट बनाना आवश्यक है, तो इस विषय पर जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका और स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर निर्णय लिया जाना चाहिए।

आंदोलन रोकने के उद्देश्य से निर्माण पर उठाए सवाल

विधायक ने यह सवाल भी उठाया कि यदि गेट निर्माण का उद्देश्य धरना-प्रदर्शन और आंदोलनों को रोकना है, तो यह उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में आम नागरिकों को अपनी मांगों और अधिकारों के लिए आंदोलन करने का संवैधानिक अधिकार है।

अट्टामी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विधायक हैं और स्थानीय जनता तथा जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लिए बिना निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *