श्योपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 2 सितंबर को श्योपुर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव एवं किसान मेले को ग्वालियर एयरपोर्ट से वर्चुअली संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को लगातार बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार काम कर रही है। अब किसानों को सिंचाई के लिए दिन के समय भी बिजली उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे दिन में अपनी फसलों की सिंचाई कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने श्योपुर कृषि उपज मंडी में किसानों के लिए नवीन विश्राम गृह के निर्माण के लिए 60 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा भी की।

किसान कल्याण वर्ष में किसानों को मिल रहीं सुविधाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में इस वर्ष को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत किसानों के हित में विभिन्न कार्यक्रम और योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण की सुविधा दी जा रही है। पहले खरीफ और रबी फसलों के लिए ऋण चुकाने की अवधि 6-6 महीने निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर एक वर्ष कर दिया गया है। यानी जिस तारीख को किसान ऋण लेगा, उसी तारीख से एक वर्ष तक उसे ऋण चुकाने की अवधि मिलेगी।
पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि के साथ-साथ पशुपालन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने अधिक संख्या में दुग्ध सहकारी समितियों के गठन और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि श्योपुर जिले में धान और गेहूं का बंपर उत्पादन होता है। इसके साथ ही जिले के किसान मोटे अनाज का उत्पादन भी कर रहे हैं, जो कृषि विविधीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण है।
फिजूलखर्ची रोकने और बच्चों की पढ़ाई पर जोर
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कक्षा 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपये की राशि दी गई है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान दें और सामाजिक आयोजनों में होने वाली फिजूलखर्ची को रोकें। उन्होंने कहा कि शादी-विवाह सहित अन्य आयोजनों में अनावश्यक खर्च से बचने की परंपरा समाज में विकसित की जानी चाहिए। उन्होंने सामूहिक विवाह सम्मेलनों के माध्यम से विवाह कराने की भी अपील की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों की जानकारी
बलराम कृषि महोत्सव एवं किसान मेले में कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को खेती-किसानी की नई तकनीकों और फसलों से जुड़ी उपयोगी जानकारी दी। विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें पशुपालन, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्यपालन और एनआरएलएम से संबंधित योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी दी गई।
इस दौरान ग्राम राडेप के किसान मुकुट चौधरी ने बताया कि उन्हें कृषि अभियांत्रिकी के माध्यम से पराली प्रबंधन के लिए कृषि यंत्र सब्सिडी पर मिले हैं। उन्होंने बताया कि सुपर सीडर खरीदने पर उन्हें 1.20 लाख रुपये का अनुदान भी प्राप्त हुआ।
प्रगतिशील किसानों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों नरेन्द्र चौधरी, भरत जाट, शिशुपाल मीणा, सोनू शर्मा, बनवारी मीणा, भुवनेश मीणा, पूरण प्रजापति, गोविंद पटेलिया और मान सिंह पटेलिया को शॉल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
वहीं कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों अंकुश मेहर, भूमिका माहौर, आशा गुर्जर, अनमोल मीणा, अभय गुर्जर, पूनम जाट, वैष्णवी जाट, दीनबंधु मीणा, करण मीणा और मयंक शर्मा को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।