September 14, 2026

रतलाम बाल संप्रेषण गृह से 7 बाल अपचारी फरार, सुरक्षाकर्मी से मारपीट कर तोड़ा मुख्य गेट; 6 पकड़े गए

हत्या, हत्या के प्रयास और पॉक्सो जैसे गंभीर मामलों में निरुद्ध थे बाल अपचारी, एक की तलाश जारी

मध्यप्रदेश के रतलाम स्थित बाल संप्रेषण गृह से बीती रात सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां निरुद्ध 7 बाल अपचारी सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट कर मुख्य गेट तोड़कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 बाल अपचारियों को दस्तयाब कर लिया, जबकि एक की तलाश अब भी जारी है।

सुरक्षाकर्मी से मारपीट के बाद तोड़ा गेट

जानकारी के अनुसार, घटना रात के समय हुई। बाल संप्रेषण गृह में तैनात सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट करने के बाद सातों बाल अपचारियों ने जबरन मुख्य गेट तोड़ा और परिसर से बाहर निकलकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जिले में नाकाबंदी कर दी और फरार बाल अपचारियों की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, फरार हुए बाल अपचारी हत्या, हत्या के प्रयास और पॉक्सो सहित गंभीर आपराधिक मामलों में बाल संप्रेषण गृह में निरुद्ध थे।

6 बाल अपचारी दस्तयाब, एक की तलाश जारी

घटना के बाद नामली थाना पुलिस ने तत्काल घेराबंदी शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 6 बाल अपचारियों को दस्तयाब कर लिया। वहीं एक अन्य बाल अपचारी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

SP और SDM ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

बाल संप्रेषण गृह से एक साथ सात बाल अपचारियों के फरार होने की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमित कुमार और शहर SDM प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बाल संप्रेषण गृह की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। घटना के बाद परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

फिलहाल पुलिस फरार बाल अपचारी की तलाश में जुटी है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *