September 14, 2026

कोरबा। बेशकीमती इमारती लकड़ी की चोरी और उसके अवैध परिवहन के मामले में कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 9 लाख रुपये मूल्य की 20.169 घन मीटर इमारती लकड़ी और परिवहन में इस्तेमाल की गई क्रेन जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

मामले की शुरुआत वन परिक्षेत्र अधिकारी की शिकायत से हुई, जिसमें सीएसईबी रामपुर स्थित जूनियर क्लब के पास राजस्व भूमि पर बिना अनुमति सात वृक्षों की कटाई कर लकड़ी चोरी किए जाने की जानकारी दी गई थी। शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन रामपुर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस की गहन जांच, तकनीकी साक्ष्यों और दस्तावेजों के परीक्षण में मामला प्रारंभिक शिकायत से कहीं बड़ा निकला। जांच में सामने आया कि चोरी की गई लकड़ी को कोरबा से रायपुर-अभनपुर तक अवैध रूप से पहुंचाया गया था।

प्रदेश स्तर पर गठित संयुक्त जांच दल ने कार्रवाई करते हुए 20.169 घन मीटर इमारती लकड़ी और उसके परिवहन में प्रयुक्त क्रेन को जब्त कर लिया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने मामले में सुनील कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध थाना सिविल लाइन रामपुर में अपराध क्रमांक 673/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 316(5) एवं 317(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि अवैध लकड़ी कटाई और तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है तथा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *