November 20, 2026

कबीरधाम। जिले के पंडरिया विकासखंड के बैगा बहुल वनांचल क्षेत्र महिडबरा में जनजाति एवं वनांचल क्षेत्र सर्व समाज की ओर से संस्कृति गौरव अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंडरिया विधायक भावना बोहरा भी शामिल हुईं। इस दौरान बैगा आदिवासी, यादव समाज सहित विभिन्न समुदायों के 61 परिवारों ने सनातन धर्म में पुनः लौटने की घोषणा की। विधायक ने पारंपरिक रीति-रिवाज से परिवारों के सदस्यों के पैर पखारे और उन्हें शॉल व श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।

स्वास्थ्य सुविधा और आर्थिक मदद देकर धर्म परिवर्तन कराने का दावा

आयोजकों का दावा है कि वनांचल क्षेत्र के कुछ गरीब परिवारों को पिछले कई वर्षों के दौरान स्वास्थ्य सुविधाएं, आर्थिक सहायता और अन्य प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया गया था। आयोजकों के मुताबिक, इन परिवारों ने अब अपनी पुरानी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से दोबारा जुड़ने का फैसला लिया है। इसी के तहत समारोह में 61 परिवारों का अभिनंदन किया गया।

विधायक ने पैर पखारकर किया स्वागत

समारोह में विधायक भावना बोहरा ने परिवारों के सदस्यों के पैर पखारे और उन्हें शॉल व श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान उसकी संस्कृति, परंपराओं, पुरखों की विरासत और ग्राम देवी-देवताओं के प्रति आस्था से जुड़ी है।

भगवान बिरसा मुंडा का उल्लेख करते हुए बोहरा ने कहा कि उन्होंने जनजातीय अस्मिता और संस्कृति की रक्षा के लिए संघर्ष किया था। उनके अनुसार, अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति जागरूक रहना हर समाज की जिम्मेदारी है।

बोलीं- विधायक नहीं, समाजसेविका के तौर पर आई हूं

भावना बोहरा ने कहा कि वह इस आयोजन में विधायक के रूप में नहीं, बल्कि समाजसेविका के तौर पर शामिल हुई हैं। समाज के लोगों के साथ मिलकर सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और परंपराओं को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि संस्कृति और समाज के संरक्षण के लिए उनका अभियान आगे भी जारी रहेगा।

इस दौरान उन्होंने अपने विरोधियों पर भी निशाना साधा। बोहरा ने कहा कि उन्हें बदनाम करने की कोशिशों से वह पीछे हटने वाली नहीं हैं।

पहले भी 500 से अधिक परिवारों की वापसी का दावा

गौरतलब है कि भावना बोहरा इससे पहले भी 500 से अधिक परिवारों की सनातन धर्म में वापसी कराने का दावा कर चुकी हैं। महिडबरा में आयोजित इस कार्यक्रम में 61 परिवारों के अभिनंदन के साथ जनजातीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण का मुद्दा प्रमुखता से उठा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *