November 4, 2026

मध्य प्रदेश के जबलपुर में दो साल की मासूम बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या की कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है। विजय नगर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में आरोपी ने बच्ची को रेत में दबाकर मारने की कोशिश की। गनीमत रही कि बच्ची के माता-पिता समय रहते मौके पर पहुंच गए और उसे बाहर निकाल लिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, बच्ची को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

रोने की आवाज सुनकर बच्ची तक पहुंचे माता-पिता

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना जबलपुर के विजय नगर थाना क्षेत्र की है। आरोप है कि आरोपी ने दो साल की बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के रोने पर आरोपी को पकड़े जाने का डर हुआ और उसने उसे रेत में दबाकर जान से मारने की कोशिश की।

इसके बाद आरोपी बच्ची को मृत समझकर मौके से भाग गया। इस बीच बच्ची के माता-पिता उसकी तलाश करते हुए वहां पहुंचे। बच्ची की आवाज सुनकर उन्होंने उसे रेत से बाहर निकाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

हुलिए के आधार पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

बच्ची के परिजनों की शिकायत और आरोपी के हुलिए के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी दमोह जिले का निवासी है। उसके खिलाफ पहले से भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

पॉक्सो एक्ट और हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में केस

एएसपी आयुष जाखड़ ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील है। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।

घटना के बाद बच्ची को तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *