November 25, 2026

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 3 नवंबर को भोपाल के भौंरी स्थित मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी के परेड ग्राउंड में 44वें और 45वें बैच के उप पुलिस अधीक्षकों (DSP) के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने परेड की सलामी ली और उसका निरीक्षण किया। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षु अधिकारियों को शील्ड और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने नए अधिकारियों से कहा कि सोशल मीडिया के इस दौर में वे रील बनाने से ज्यादा वास्तविक समस्याओं के समाधान पर ध्यान दें। उन्होंने वर्ष 2029 तक प्रदेश से ड्रग्स की समस्या खत्म करने में पुलिस की निर्णायक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

समारोह में मुख्यमंत्री ने पुलिस अकादमी में करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से ऑडिटोरियम बनाने, विद्युत सब स्टेशन स्थापित करने और एक किलोमीटर लंबी एप्रोच रोड बनाने की घोषणा की। वहीं, नक्सल विरोधी अभियान में शामिल 63 पुलिसकर्मियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन देने की भी जानकारी दी।

48 नए पुलिस अधिकारी बने, इनमें 20 महिलाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को 48 नए जनसेवक मिल रहे हैं, जो साढ़े आठ करोड़ लोगों की सुरक्षा का दायित्व संभालेंगे। उन्होंने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने मध्यप्रदेश पुलिस के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि आजादी के बाद प्रदेश लंबे समय तक डाकुओं की समस्या से जूझता रहा। चंबल और रीवा अंचल में पुलिस ने चुनौतियों का सामना कर डाकुओं का उन्मूलन किया। इसी तरह नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में भी पुलिस ने अपनी क्षमता साबित की और निर्धारित समय सीमा से पहले इस समस्या को खत्म करने का लक्ष्य हासिल किया।

‘कमजोर वर्ग के लिए देवदूत बनें अधिकारी’

नए अधिकारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की चुनौतियां सोशल मीडिया तक सीमित नहीं हैं। पुलिस अधिकारियों को सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने के साथ सामाजिक समस्याओं के समाधान पर भी ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि अधिकारी समस्याएं गिनाने के बजाय उनके समाधान पर काम करें और रील बनाने से ज्यादा वास्तविक समस्याएं सुलझाने को प्राथमिकता दें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नए अधिकारी ऐसे बनें, जिनका सम्मान समाज के सभी वर्गों में समान रूप से हो। कमजोर वर्ग के लोगों के लिए वे देवदूत की तरह काम करें। उन्होंने अधिकारियों से कर्तव्य के प्रति गंभीर रहने और अपने जीवन को जनसेवा के लिए समर्पित करने का आह्वान किया।

2029 तक नशे के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि डाकुओं और नक्सलवाद के बाद अब पुलिस के सामने ड्रग्स की चुनौती है। वर्ष 2029 तक नशे की समस्या के खिलाफ निर्णायक भूमिका निभाने की अपेक्षा है। उन्होंने अवैध शराब के नेटवर्क और शराब माफिया के खिलाफ भी निडर होकर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में 17,710 पदों पर भर्ती की है। कुल 22,500 पदों पर भर्ती का लक्ष्य रखा गया है। नए नियुक्त अधिकारी-कर्मचारियों का प्रशिक्षण जारी है। सरकार पुलिसकर्मियों के कल्याण और पदोन्नति पर भी ध्यान दे रही है।

पहली बार रेडियो संवर्ग के DSP को भी प्रशिक्षण

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने बताया कि वर्ष 2014 से DSP स्तर के अधिकारियों का प्रशिक्षण भोपाल की भौंरी पुलिस अकादमी में कराया जा रहा है। इस बैच के 48 अधिकारियों ने प्रशिक्षण पूरा किया है, जिनमें 20 महिला अधिकारी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि पहली बार रेडियो संवर्ग के DSP स्तर के अधिकारियों को भी अकादमी में प्रशिक्षित किया गया है। ये अधिकारी पुलिस की तकनीकी क्षमताओं और साइबर अपराध से निपटने की व्यवस्था को मजबूत करेंगे। प्रशिक्षित अधिकारियों में 22 इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि से हैं।

मकवाना ने कहा कि फील्ड में तैनात पुलिस अधिकारियों के लिए एसओपी जारी की गई हैं। सभी अधिकारी उनका पालन सुनिश्चित करें, क्योंकि ड्यूटी के साथ पुलिसकर्मियों की अपनी सुरक्षा भी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने युवाओं में नशे के बढ़ते चलन और साइबर अपराध को बड़ी चुनौतियां बताया। DGP के मुताबिक, मध्यप्रदेश पुलिस ने ‘नशे से दूरी है जरूरी’ और साइबर अपराध के प्रति जागरूकता के लिए ‘सेफ क्लिक’ अभियान चलाया है। उन्होंने साइबर थानों, हेल्प डेस्क, साइबर फॉरेंसिक और हेल्पलाइन जैसी सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता भी बताई।

नक्सल विरोधी अभियान के 63 जवानों को पदोन्नति

मुख्यमंत्री ने नक्सल विरोधी अभियान में योगदान देने वाले 63 पुलिसकर्मियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार बलिदानी पुलिसकर्मियों के योगदान को हमेशा याद रखेगी। युवा अधिकारियों के सामने फील्ड में आने वाली चुनौतियां ही उनके प्रशिक्षण और क्षमता की परीक्षा होंगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *