November 25, 2026

इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की तीन दिवसीय बैठक इंदौर के डेली कॉलेज स्थित संत रविदास सभागार में जारी है। बैठक का शुभारंभ सरसंघचालक मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने किया। इसमें संगठन की कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाने, महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा सोशल मीडिया और अनियंत्रित AI कंटेंट से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की जा रही है।

महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

बैठक के एजेंडे में संगठन के विस्तार के साथ कार्यशैली में बदलाव का मुद्दा प्रमुख है। संघ में महिलाओं की भागीदारी को अधिक प्रभावी बनाने और उनकी भूमिका को लेकर विचार-विमर्श किया जा रहा है।

इसके अलावा संघ के शताब्दी वर्ष के आयोजनों की समीक्षा और देश-विदेश में शाखाओं का विस्तार करने की रणनीति पर भी चर्चा हो रही है। जानकारी के मुताबिक, देशभर में 13 हजार से अधिक नई शाखाओं के विस्तार और करीब 65 हजार से अधिक हिंदू सम्मेलनों के आयोजन को संगठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सोशल मीडिया और AI कंटेंट पर बनेगी गाइडलाइन

डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव और उनसे जुड़ी चुनौतियों को देखते हुए बैठक में सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर स्पष्ट दिशा-निर्देश तैयार करने पर मंथन हो रहा है।

अनियंत्रित और भ्रामक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंटेंट से निपटने के उपायों पर भी चर्चा की जा रही है। इसके साथ ही संगठन की डिजिटल सुरक्षा और नई तकनीक के अनुरूप कार्यप्रणाली विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।

नशा मुक्ति अभियान की भी तैयारी

बैठक में सामाजिक मुद्दों को लेकर संघ की आगामी गतिविधियों पर भी विचार किया जा रहा है। विजयादशमी तक देशव्यापी नशा मुक्ति अभियान चलाने की तैयारी है। इसके जरिए युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की योजना है।

बैठक के अंतिम दिन संगठनात्मक बदलावों, नई कार्यप्रणाली और प्रस्तावों पर औपचारिक निर्णय लिए जाने की बात कही गई है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *