मंडला। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को मंडला जिले के टटारी में स्कूली बच्चों से मुलाकात कर उनसे सहज और आत्मीय संवाद किया। टटारी हेलीपेड जाते समय मुख्यमंत्री ने एक निजी पब्लिक स्कूल में अपना काफिला रुकवाया और वहां चल रही प्रार्थना सभा में शामिल विद्यार्थियों के बीच पहुंच गए। मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच देखकर बच्चे और शिक्षक प्रसन्न नजर आए।

प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों से मिले मुख्यमंत्री
स्कूल में उस समय बच्चों की नियमित प्रार्थना सभा चल रही थी। विद्यार्थी परमपिता परमेश्वर से सभी के कल्याण की प्रार्थना कर रहे थे। यह देखकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बच्चों के बीच पहुंचे और उनसे बातचीत की।
उन्होंने विद्यार्थियों से उनके नाम पूछे। साथ ही, वे किस कक्षा में पढ़ते हैं और उनकी पढ़ाई कैसी चल रही है, इस बारे में भी जानकारी ली।
मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए किया प्रेरित
मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ स्नेहपूर्वक बातचीत करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित किया। उनका संवाद सहज और अपनत्व से भरा रहा। अचानक मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे।
मुख्यमंत्री की इस अनौपचारिक मुलाकात से स्कूल परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया। बच्चों और शिक्षकों के लिए यह मुलाकात एक खास अनुभव रही।