July 15, 2026

मुहर्रम पर रायपुर में आज ट्रैफिक डायवर्जन, दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक कई मार्ग प्रभावित

हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में आज मुहर्रम मनाया जाएगा। इस अवसर पर रायपुर में विभिन्न क्षेत्रों से ताजिया जुलूस निकाले जाएंगे। जुलूस को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है तथा शहर में दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है।

ताजिया जुलूस किन क्षेत्रों से निकलेगा?

ताजिया जुलूस राजातालाब, मोमीनपारा, अमीनपारा, छोटापारा, बैजनाथपारा, नेहरू नगर, संजय नगर, टिकरापारा सहित कई इलाकों से निकलेगा। सभी जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए चौबे कॉलोनी स्थित कर्बला तालाब में संपन्न होंगे।

जुलूस का मुख्य मार्ग

मुख्य ताजिया जुलूस नूरानी चौक से शुरू होकर पंडरी बस स्टैंड, मरही माता चौक, मौदहापारा मस्जिद गली, गुरुनानक चौक, राठौर चौक, रामसागरपारा, बढ़ईपारा, मोमीनपारा, आजाद चौक, आमापारा और आरकेसी के सामने से होते हुए चौबे कॉलोनी स्थित कर्बला तालाब तक जाएगा।

वैकल्पिक मार्ग

  • जीई रोड से दुर्ग-भिलाई जाने वाले वाहन शास्त्री चौक से महिला थाना चौक, कालीबाड़ी चौक, पचपेड़ी नाका और रिंग रोड-1 का उपयोग करें।
  • जीई रोड पर चलने वाली सिटी बसों का संचालन भी कालीबाड़ी चौक, पचपेड़ी नाका और रिंग रोड-1 के रास्ते किया जाएगा।
  • टाटीबंध से शहर आने वाले वाहनों को टाटीबंध चौक से रिंग रोड-1 और एनआईटी के पास से डंगनिया गोल चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
  • पुरानी बस्ती, लाखेनगर, सुंदर नगर, डंगनिया और दुर्ग-भिलाई जाने वाले लोग कालीबाड़ी चौक, संतोषी नगर जलगृह मार्ग और भाठागांव चौक का उपयोग कर सकते हैं।

पुलिस की अपील

जुलूस के दौरान आजाद चौक से आश्रम तिराहा और चौबे कॉलोनी तक जीई रोड से जुड़े सभी संपर्क मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक शास्त्री चौक से चौबे कॉलोनी टर्निंग के बीच जीई रोड का उपयोग करने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *