November 5, 2026

मध्य प्रदेश के मैहर जिले में आवारा कुत्ते के हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ताला थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर स्थित ठठिया मोहल्ले और कोलान बस्ती में सोमवार दोपहर एक आवारा कुत्ते ने करीब एक दर्जन लोगों को काटकर घायल कर दिया। अचानक हुए हमले से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुकुंदपुर ले जाया गया, जहां एक सात वर्षीय बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

अचानक लोगों पर हमला करने लगा कुत्ता

जानकारी के मुताबिक, सोमवार दोपहर मुकुंदपुर में एक आवारा कुत्ते ने राह चलते लोगों और स्थानीय निवासियों पर हमला करना शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले के कारण लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते करीब 12 लोग कुत्ते के काटने से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सात साल के बच्चे की हालत गंभीर, रीवा रेफर

कुत्ते के हमले में मुकुंदपुर निवासी सात वर्षीय मोहम्मद आहिल कयूम भी घायल हुआ है। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उसे रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया।

घायलों में 12 वर्षीय शाहिल कोल, पिता सुशील कोल, और 13 वर्षीय दीपाली मांझी, पिता मोहितलाल मांझी, सहित अन्य लोग भी शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार उपलब्ध कराया गया है।

आवारा कुत्तों को लेकर बढ़ी चिंता

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आवारा कुत्तों के हमलों को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो भविष्य में भी इस तरह की घटनाएं हो सकती हैं। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *