
इंदौर के राजवाड़ा इलाके में रक्षाबंधन की खरीदारी करने पहुंची महिला का ई-रिक्शा दिनदहाड़े चोरी हो गया। महिला अपनी बहन के साथ बाजार गई थी और ई-रिक्शा सड़क किनारे खड़ा कर दिया था। वापस लौटने पर वाहन गायब मिला।
बताया जा रहा है कि रक्षाबंधन के चलते राजवाड़ा क्षेत्र में काफी भीड़ थी। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ई-रिक्शा लेकर फरार हो गया। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हुई है, जिसमें संदिग्ध व्यक्ति ई-रिक्शा ले जाते हुए दिखाई दे रहा है।
परिवार की रोजी-रोटी का साधन था ई-रिक्शा
पीड़ित महिला वंदना ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती है। ऐसे में वाहन चोरी होने से उसके सामने रोजगार और परिवार का खर्च चलाने का संकट खड़ा हो गया है।
घटना के बाद महिला एमजी रोड थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने FIR दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के सामने अब चुनौती आरोपी को जल्द पकड़ने के साथ-साथ चोरी हुए ई-रिक्शे को बरामद करने की है।