July 15, 2026

मध्य प्रदेश के कटनी जिला के बड़वारा विधानसभा क्षेत्र में पुराने टायरों को जलाकर अवैध रूप से तेल निकालने वाली 12 कंपनियों पर प्रदूषण फैलाने के आरोप लगे हैं। मामले को लेकर विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर इन कंपनियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

आरोप है कि इन फैक्ट्रियों से निकलने वाला काला धुआं और दुर्गंध आसपास के एक दर्जन से अधिक गांवों को प्रभावित कर रही है। ग्रामीणों में सांस संबंधी समस्याएं, आंखों में जलन और त्वचा रोग बढ़ने की शिकायतें सामने आई हैं, जबकि प्रदूषण का असर कृषि भूमि और फसलों पर भी पड़ने की बात कही जा रही है।

विधायक ने दावा किया कि ये कंपनियां मूल रूप से राजस्थान की हैं और प्रदूषण के कारण वहां से हटाई गई थीं। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी कंपनियों को कटनी में संचालन की अनुमति कैसे मिली।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कटनी कलेक्टर ने एक विशेष जांच दल का गठन किया है। टीम को प्रदूषण के स्तर, पर्यावरणीय नियमों के पालन और कंपनियों के दस्तावेजों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल जांच जारी है और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *