रायपुर। भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम आज राजधानी रायपुर के आसमान में उड़ान भरती नजर आएगी। दोपहर 12:20 बजे से 12:45 बजे के बीच हेलीकॉप्टर शहर के ऊपर से गुजरेंगे। इस दौरान शहरवासी अपने घरों की छतों से भी इस नजारे को देख सकेंगे।

2 नवंबर को नवा रायपुर में होगा एयर शो
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में सारंग टीम का एयर शो आयोजित किया जाएगा। इससे पहले 30 अक्टूबर को रायपुर के आसमान में हेलीकॉप्टरों की उड़ान के जरिए टीम की झलक देखने को मिलेगी।
स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों से सुसज्जित भारतीय वायुसेना की सारंग टीम अपने हवाई करतब, साहसिक प्रदर्शन और सटीक तालमेल के लिए जानी जाती है। टीम का प्रदर्शन वायुसेना के अनुशासन, तकनीकी दक्षता और उड़ान कौशल को प्रदर्शित करेगा।
पांच हेलीकॉप्टरों से सजी होती है टीम
भारतीय वायुसेना की सारंग टीम में पांच हेलीकॉप्टर शामिल होते हैं। इनमें आमतौर पर चार हेलीकॉप्टर हवाई करतब दिखाते हैं, जबकि एक बैकअप के रूप में रखा जाता है। प्रदर्शन के दौरान हेलीकॉप्टर एक साथ उड़ान भरकर आसमान में अलग-अलग आकृतियां बनाते हैं।
फॉर्मेशन फ्लाइंग होगा खास आकर्षण
सारंग टीम के प्रदर्शन का प्रमुख आकर्षण फॉर्मेशन फ्लाइंग होता है। इसमें सभी हेलीकॉप्टर एक निश्चित दूरी और तालमेल के साथ उड़ान भरते हैं। इसके अलावा एक साथ दिशा बदलना, तेजी से ऊपर की ओर उड़ान भरना और आसमान में अलग-अलग आकृतियां बनाना जैसे करतब भी दिखाए जाते हैं। इन करतबों के दौरान पायलटों को गति, दिशा और सुरक्षित दूरी का विशेष ध्यान रखना होता है।