November 26, 2026

छिंदवाड़ा। कलेक्ट्रेट स्थित आदिवासी विकास विभाग में लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार को ट्रैप कार्रवाई कर कर्मचारी ललित अहिरवार को 4 हजार रुपये लेते पकड़ा। शिकायत के मुताबिक, कर्मचारी छात्रावास निर्माण का टेंडर निरस्त होने के बाद ठेकेदार की ईएमडी (अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट) राशि लौटाने के बदले रिश्वत मांग रहा था।

ईएमडी लौटाने के बदले मांगे 4 हजार रुपये

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता सौरभ मिश्रा ने नवेगांव में छात्रावास की बाउंड्रीवाल निर्माण का टेंडर लिया था, जो किन्हीं कारणों से निरस्त हो गया। इसके बाद उनकी 28 हजार रुपये की ईएमडी राशि विभाग से वापस होनी थी।

आरोप है कि राशि जारी करने और प्रक्रिया पूरी करने के एवज में ललित अहिरवार 4 हजार रुपये मांग रहा था। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह करीब डेढ़ महीने से कार्यालय के चक्कर लगा रहा था।

कूलर के नीचे छिपाया लिफाफा

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने उसका सत्यापन कराया। इसके बाद मंगलवार को ट्रैप की कार्रवाई की गई। टीम के पहुंचने पर कर्मचारी को कार्रवाई की भनक लग गई और उसने कथित तौर पर रिश्वत की रकम वाला लिफाफा कूलर के नीचे छिपा दिया।

टीम ने लिफाफा बरामद किया। इसके बाद कर्मचारी के हाथों का फिनॉल्फ्थेलीन टेस्ट किया गया। लोकायुक्त के मुताबिक, परीक्षण में हाथ रंगीन पाए गए।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई

लोकायुक्त पुलिस ने ललित अहिरवार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *