November 9, 2026

खरगोन। इंदौर लोकायुक्त पुलिस ने खरगोन जिले में कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पटवारी ने कृषि भूमि के नामांतरण के बदले शिकायतकर्ता से 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है।

नामांतरण के बदले मांगी थी 2 लाख रुपये की रिश्वत

लोकायुक्त के अनुसार, बड़ी कसरावद निवासी शिकायतकर्ता पुनीत नाडीवाल ने इंदौर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनकी पत्नी के नाम दर्ज कृषि भूमि का नामांतरण कराने के एवज में पटवारी खुम सिंह धारवे द्वारा 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपों का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने पटवारी को पकड़ने के लिए ट्रैप की कार्रवाई की।

मेडिकल दुकान के पास 20 हजार की पहली किस्त लेते पकड़ा

लोकायुक्त के निर्देश पर शिकायतकर्ता ने पटवारी खुम सिंह धारवे को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपये दिए। जैसे ही आरोपी ने रकम स्वीकार की, पहले से मौके पर मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

कार्रवाई शारदा हॉस्पिटल के सामने पाटीदार मेडिकल के पास की गई। टीम ने रिश्वत की रकम बरामद कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

तहसीलदार और दूसरे पटवारी की भूमिका भी जांच के दायरे में

लोकायुक्त की कार्रवाई में मामले से जुड़े अन्य अधिकारियों की भूमिका भी सामने आने की बात कही गई है। प्रकरण में तहसीलदार अंतरसिंह कनेश और पटवारी कुलदीप यादव के नाम भी शामिल किए गए हैं।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार पटवारी खुम सिंह धारवे, पटवारी कुलदीप यादव और तहसीलदार अंतरसिंह कनेश के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

लोकायुक्त पुलिस मामले में रिश्वत की मांग और अन्य आरोपितों की भूमिका से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *