
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के काका घनश्याम पटवारी का आकस्मिक निधन हो गया। पारिवारिक शोक के चलते जीतू पटवारी ने अपने सभी पूर्व निर्धारित राजनीतिक कार्यक्रम, बैठकें और दौरे आगामी सूचना तक स्थगित कर दिए हैं।
जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने काका के निधन की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, “मेरे पूज्य काकाजी श्री घनश्याम जी पटवारी का आकस्मिक निधन हो गया है। मैं दिवंगत आत्मा की मुक्ति के लिए प्रभु से प्रार्थना करता हूं।”
उन्होंने बताया कि शोक की इस घड़ी में उनके सभी दौरे, राजनीतिक कार्यक्रम और पूर्व निर्धारित बैठकें आगामी सूचना तक स्थगित रहेंगी।
घनश्याम पटवारी के निधन की खबर के बाद कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।