ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में मोबाइल पर धार्मिक रील देखने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने कथित तौर पर पत्नी पर तलवार से हमला कर दिया। आरोप है कि पति भगवान श्रीराम के वीडियो देखने के बजाय महाकाल के वीडियो देखने की जिद कर रहा था। हमले में महिला के सिर, गर्दन, कलाई और घुटने पर चोटें आई हैं। घायल महिला ने पड़ोसी के घर में छिपकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

श्रीराम और महाकाल की रील देखने को लेकर हुआ विवाद
मामला हजीरा थाना क्षेत्र के बड़ागेट कांचमील का है। पुलिस के मुताबिक, 36 वर्षीय रीतू उर्फ रेवती तोमर अपनी बच्ची के साथ कमरे में मोबाइल पर भगवान श्रीराम के वीडियो देख रही थी। इसी दौरान उसका 38 वर्षीय पति करनवीर उर्फ करू सिंह तोमर वहां पहुंचा और उसे श्रीराम की जगह महाकाल के वीडियो देखने को कहा।
इसी बात पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद के दौरान पति ने तलाक देने की बात भी कही। आरोप है कि इसके बाद वह घर के मंदिर में रखी तलवार उठा लाया और पत्नी को जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर दिया।
घर से भागी तो पीछे से भी किए तलवार से वार
आरोप है कि तलवार के हमले में रीतू के सिर और कलाई पर गंभीर चोटें आईं। जान बचाने के लिए वह घर से बाहर भागी, लेकिन पति ने पीछा कर उसकी गर्दन और घुटने पर भी वार कर दिए।
लहूलुहान हालत में रीतू किसी तरह पड़ोसी के घर पहुंची और एक कमरे में खुद को बंद कर लिया। इसके बाद वह बेहोश हो गई। शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों और परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। महिला का ट्रॉमा सेंटर में इलाज जारी है।
हत्या के प्रयास का केस दर्ज, आरोपी फरार
सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार के अनुसार, पीड़िता की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर हजीरा थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।