November 12, 2026

मध्य प्रदेश। हाईकोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई के दौरान टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (TNCP) के ज्वाइंट डायरेक्टर अमित गजभिए के व्यवहार पर कोर्ट ने नाराजगी जताई है। आरोप है कि अधिकारी घर से बिना पैंट पहने ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जुड़ गए। इस दौरान वे शर्ट के बटन लगाते हुए भी नजर आए। कोर्ट ने इस रवैये को गंभीरता से लेते हुए उनके खिलाफ क्रिमिनल कंटेम्प्ट का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

सुनवाई के दौरान अधिकारी के व्यवहार पर कोर्ट नाराज

जानकारी के मुताबिक, अमित गजभिए के खिलाफ हाईकोर्ट में अवमानना का मामला चल रहा है। इस मामले में कोर्ट ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ने की छूट दी थी।

सुनवाई के दौरान अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े, लेकिन आरोप है कि वे उचित औपचारिक परिधान में नहीं थे। वे बिना पैंट के नजर आए और कैमरे के सामने शर्ट के बटन लगाते दिखे। इस पर हाईकोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई और क्रिमिनल कंटेम्प्ट का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

डिप्टी एडवोकेट जनरल ने मांगा चार सप्ताह का समय

कोर्ट की नाराजगी के बाद डिप्टी एडवोकेट जनरल ने आश्वासन दिया कि इस मामले में उच्च अधिकारियों से चर्चा कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एडवोकेट जनरल की ओर से जवाब देने के लिए चार सप्ताह का समय मांगा गया।

मास्टर प्लान में देरी से जुड़ा है अवमानना मामला

बताया गया है कि बिल्डर एसोसिएशन ने मास्टर प्लान जारी करने में हो रही देरी को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। कोर्ट के बार-बार निर्देश देने के बावजूद मास्टर प्लान जारी नहीं होने पर मामला अवमानना की कार्यवाही तक पहुंचा।

इससे पहले हाईकोर्ट प्रमुख सचिव और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के डायरेक्टर को शपथपत्र के साथ जवाब पेश करने के निर्देश दे चुका है। मामले में पहले भी अवमानना नोटिस जारी किया जा चुका है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *