सतना: मध्य प्रदेश के सतना जिले में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर एक युवक के साथ मारपीट करने और उसकी बाइक में आग लगाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। घटना कोलगवां थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

रास्ते में रोककर मांगे शराब पीने के पैसे
कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी के मुताबिक, घटना 2 अक्टूबर की है। हनुमान नगर नई बस्ती निवासी नितिन सिंह (20) अपने दोस्त कुलदीप सिंह को घर छोड़कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में सिद्धार्थ नगर निवासी शुभम पाल (28), आशीष पटेल (27) और गोलू पाल ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि तीनों ने नितिन से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। युवक ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की।
बाइक में आग लगाई, मोबाइल भी तोड़ा
पुलिस के अनुसार, मारपीट के बाद आरोपियों ने नितिन की बाइक में आग लगा दी और उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर कोलगवां पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि शनिवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शुभम पाल और आशीष पटेल को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मामले में शामिल तीसरे आरोपी गोलू पाल की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई जारी है।